
3 दिन पहले
- कॉपी लिंक

कभी आपने किसी जोड़े को पब्लिक में प्यार जताते देखा है? हाथ पकड़ना हो, गले लगाना हो या फिर किस करना, ये सब ‘पब्लिक डिस्प्ले ऑफ अफेक्शन’ यानी PDA कहलाता है।
समाज में PDA को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है। कुछ लोग इसे प्यार भरा और रोमांटिक मानते हैं, तो कुछ लोगों को यह देखना अजीब और गैर-जरूरी लगता है। खासतौर से, हमारे भारतीय समाज में इसे खराब माना जाना जाता है।
ऐसे में आज हम रिलेशनशिप में जानेंगे कि-
- पब्लिक डिस्प्ले ऑफ अफेक्शन सही है या गलत?
- इसका रिश्तों पर क्या असर पड़ता है?
- कपल्स ऐसा क्यों करते हैं?

कपल्स पब्लिक में प्यार क्यों दिखाते हैं? इसके पीछे क्या साइकोलॉजी होती है?
रिलेशनशिप एक्सपर्ट और अमेरिका की येशिवा यूनिवर्सिटी में साइकोलॉजी की प्रोफेसर डॉ. सबरीना रोमनॉफ कहती हैं कि पब्लिक में प्यार जताने वाले कपल्स अलग-अलग तरह के होते हैं, उनकी कोई एक पहचान नहीं होती है।
साथ ही ऐसा करने की उनकी वजह भी अलग-अलग हो सकती है। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

शुरुआती दौर का रिश्ता होता है: नए-नए रिश्ते में कपल एक-दूसरे के साथ बहुत खुश और उत्साहित होते हैं। उन्हें हर वक्त साथ रहना अच्छा लगता है।
वे दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि वे कितने करीब हैं। साथ ही वे एक-दूसरे के साथ वक्त बिताने को लेकर काफी उत्साहित और खुश होते हैं।
जब कपल्स रिश्ते को सिक्योर फील करते हैं: जब कपल अपने रिश्ते में पूरी तरह सहज और सुरक्षित महसूस करते हैं, तो वे अपने प्यार को छुपाते नहीं हैं। उन्हें इस बात की चिंता नहीं होती कि लोग क्या सोचेंगे।
वे अपने रिश्ते पर भरोसा करते हैं और आत्मविश्वास से भरे होते हैं। इसे सबके सामने दिखाने में उन्हें कोई हिचक नहीं होती है।
जब रिश्ते में असुरक्षा की भावना होती है: कभी-कभी पब्लिक में ज्यादा प्यार जताना असुरक्षा की भावना को छिपाने का तरीका हो सकता है।
हो सकता है कि कपल अंदर से रिश्ते को लेकर डर या शक में हों। बाहर से वे सब कुछ ठीक दिखाने की कोशिश करते हैं, ताकि लोग समझें कि उनका रिश्ता बहुत अच्छा है।
जब रिश्ता गहरा होता है: पब्लिक में प्यार जताना गहरे और भावनात्मक रिश्ते का भी संकेत हो सकता है। ऐसे कपल को लगता है कि वे एक-दूसरे के लिए ही बने हैं। उन्हें अपने पार्टनर के साथ वक्त बिताना बहुत खास लगता है।
खासकर रिश्ते की शुरुआत में, जब प्यार और फिजिकल अट्रैक्शन बहुत ज्यादा होता है।
पब्लिक प्लेस में प्यार जताने के तरीके क्या हैं?
पब्लिक प्लेस पर पार्टनर से प्यार या स्नेह जताने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

पब्लिक प्लेस में प्यार जताना कितना सही है? क्या इसके लिए कोई सीमा है?
पब्लिक प्लेस में प्यार जताना या दिखाना कई बातों पर निर्भर करता है। हालांकि, इस दौरान प्रेमी जोड़ों को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि आपके प्यार जताने के तरीके से किसी को असहज नहीं महसूस होना चाहिए। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

कल्चर का प्रभाव: कुछ संस्कृतियों में पब्लिक में प्यार जताना अच्छा नहीं माना जाता है। हालांकि, इसके लिए अलग-अलग दायरे हो सकते हैं। वहीं, कुछ संस्कृतियां में प्यार जताना सामान्य माना जाता है।
परिवेश या जगह का माहौल: आप कहा हैं, ये भी बहुत मायने रखता है। मिसाल के तौर पर, किसी बार या पार्टी में अपने पार्टनर को किस करना शायद सबको ठीक लगे। लेकिन ऑफिस में ऐसा करना अजीब और गलत लग सकता है। हर जगह का अपना माहौल होता है, और उसी हिसाब से आपको चलना पड़ता है।
मॉइनॉरिटी ग्रुप के लोगों में डर: कुछ लोग, जैसे LGBTQ+ समुदाय के लोग, पब्लिक में प्यार जताने से डरते हैं। उन्हें लगता है कि लोग उन्हें जज करेंगे या बुरा मानेंगे। इस वजह से वे चाहकर भी अपने पार्टनर के लिए खुलकर प्यार नहीं दिखा पाते और ज्यादा सावधानी रखते हैं।
परवरिश की भूमिका: आपके माता-पिता और घर का माहौल भी आप पर असर डालता है। अगर आपके माता-पिता एक-दूसरे से प्यार जताते हैं, तो आप भी अपने पार्टनर के साथ ऐसा करना सीख सकते हैं। अगर घर में ऐसा नहीं होता, तो आप शायद पब्लिक में प्यार जताने से हिचकिचाएं।
आपकी पसंद और नापसंद: सबसे जरूरी बात यह है कि आपको क्या पसंद है? कुछ लोग पब्लिक में प्यार जताने में सहज होते हैं, तो कुछ इसे प्राइवेट रखना चाहते हैं। आपकी अपनी पसंद ही तय करती है कि आप कितना और कैसे प्यार दिखाना चाहते हैं।
पब्लिक में प्यार जताने फायदे और नुकसान क्या हैं?
कुछ लोगों को पब्लिक में प्यार जताना अच्छा लगता है। वहीं कुछ लोग इससे असहज महसूस करते हैं। ऐसे में PDA यानी पब्लिक डिस्प्ले ऑफ अफेक्शन का रिश्ते पर नेगेटिव और पॉजिटिव दोनों असर पड़ सकता है।
खासतौर से तब, जब दोनों पार्टनर के प्यार जताने के तरीके अलग होते हैं। आइए इसे ग्राफिक्स के जरिए समझते हैं।

PAD से रिश्ते में हो सकते हैं ये नुकसान
मनमुटाव हो सकता है: अगर आपका पार्टनर पब्लिक में प्यार जताने-दिखाने में असहज महसूस करता है। इसके बावजूद आप ऐसा करते हैं, तो रिश्ते में मनमुटाव हो सकता है।
गलतफहमी हो सकती है: कई लोगों पब्लिक में प्यार जताने में मुश्किल होती है। ऐसे में उनके पार्टनर को लग सकता है कि उनका साथी उन्हें प्यार नहीं करता है। इस वजह से रिश्ते को सबके सामने नहीं लाना चाहता है।
रिश्ते का चर्चा का विषय बनना: कई बार पब्लिक प्लेस पर प्यार जताने-दिखाने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती हैं। ऐसे में आपका रिश्ता ऑफिस में, दोस्तों के बीच और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन सकता है।
PDA से रिलेशनशिप में हो सकते हैं ये फायदे
इंटीमेसी बढ़ती है: सार्वजनिक जगहों पर अपने जुड़ाव को दिखाना यह बताता है कि आप अपने पार्टनर को चाहते हैं और वे आपके लिए महत्वपूर्ण और कीमती हैं। इससे रिश्ते में प्यार, अंतरंगता और नजदीकी बढ़ती है।
बंधन मजबूत करता है: अपने पार्टनर के साथ प्यार जताना आप दोनों में ऑक्सीटोसिन का स्तर बढ़ा सकता है। इसे बॉन्डिंग हॉर्मोन भी कहा जाता है। जिससे आप अपने पार्टनर के साथ जुड़ते हैं।
तनाव कम करता है: पार्टनर का स्पर्श तनाव के स्तर को भी कम कर सकता है। यह आपके पार्टनर को आपके जुड़ाव का भरोसा दिला सकता है और उनके स्ट्रेस हॉर्मोन कोर्टिसोल के स्तर को भी कम कर सकता है।
रूढ़ियों को तोड़ता है: अपने पार्टनर के प्रति सार्वजनिक रूप से प्यार जताना संदेश दे सकता है कि आप सामाजिक नियमों से बंधे हुए नहीं हैं। PDA यानी पब्लिक डिस्प्ले ऑफ अफेक्शन से इन पलों का उत्साह और बढ़ जाता है।