
4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में प्यार मिलना मुश्किल हो गया है। डेटिंग ऐप्स पर घंटों स्वाइप करना, किसी से मिलने की उम्मीद करना और फिर घोस्टिंग का शिकार होना। इन सब चीजों से हम परेशान हो जाते हैं।
कभी-कभी ऐसा लगता है कि हम दूसरों को खुश करने की कोशिश में खुद को ही भूल जाते हैं। क्या आपने कभी सोचा कि थोड़ा रुककर, प्यार और रिश्तों से ब्रेक लेकर खुद पर ध्यान देना कितना जरूरी हो सकता है?
जब आप अपने रिश्ते से दुखी हो जाते हैं और इस वजह से अपने बारे में सोचने लगते हैं, तो यहीं से ‘बॉयसोबर’ का विचार आता है। यह एक नया तरीका है जो आजकल युवाओं में, खासकर लड़कियों में बहुत पसंद किया जा रहा है। इसे डेटिंग डिटॉक्स भी कहा जाता है।
ऐसे में आज हम रिलेशनशिप में जानेंगे कि-
- ‘बॉयसोबर’ क्या है?
- ये कैसे और क्यों शुरू हुआ?
- Gen-Z की बीच पॉपुलर क्यों हैं?
- इसके फायदे और नुकसान क्या हैं?

‘बॉयसोबर’ क्या है और इसकी शुरुआत कैसे हुई?
‘बॉयसोबर’ एक नया शब्द है, जिसे अमेरिकी कॉमेडियन होप वुडार्ड ने पहली बार इस्तेमाल किया। ‘बॉयसोबर’ मतलब डेटिंग, रोमांटिक रिश्तों और सेक्सुअल रिलेशनशिप से कुछ समय तक के लिए ब्रेक लेना है।
हालांकि, इसका मतलब हमेशा सिंगल रहना नहीं है। ये एक सोचा-समझा फैसला होता है, जिसमें आप अपने लिए समय निकालते हैं। अपनी भावनाओं को समझते हैं। ये सोचते हैं कि आपको जिंदगी में क्या चाहिए?
होप वुडार्ड ने इसकी शुरुआत तब की जब वो एक ऐसे इंसान के बारे में सोच-सोचकर परेशान हो रही थीं, जो शायद उनकी कदर ही नहीं करता था। एक दिन उन्हें एहसास हुआ कि वो अपनी इमोशंस को लेकर बेकार में परेशान हो रही हैं।
यहीं से उन्होंने फैसला लिया कि अब डेटिंग को कुछ समय के लिए अलविदा कहने का वक्त है। उन्होंने इसे ‘बॉयसोबर’ नाम दिया, जो उनके लिए एक तरह का ‘लव लाइफ डिटॉक्स’ था।
लोग क्यों ले रहे हैं प्यार से ब्रेक?
इसके पीछे कई वजहें हैं। लोग डेटिंग से जुड़ी परेशानियों से थक जाते हैं। ऐसे में ब्रेक लेकर जिंदगी पर फोकस करना चाहते हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

डेटिंग का दबाव कम करना
सोशल मीडिया और डेटिंग एप्स की वजह से हर कोई ‘परफेक्ट पार्टनर’ ढूंढने की जल्दी में और दबाव में है। लोग ‘बॉयसोबर’ अपनाकर इससे दबाव से छुटकारा पाना चाहते हैं।
रोमांस के लिए डेसपरेट न होना
जब आप खुद से यह निर्णय लेते हैं कि आपको अपने करियर और स्किल्स पर फोकस करना है, तो दिमाग इस बात को मान लेता है कि यह डेटिंग और रोमांस का समय नहीं है।
खुद को बेहतर समझना
रिश्तों में हम अक्सर अपनी पसंद-नापसंद को भूल जाते हैं। ‘बॉयसोबर’ का समय आपको मौका देता है। इससे सेल्फ-अवेयरनेस बढ़ती है और आप जरूरतों को समझ पाते हैं।
इमोशनल हीलिंग का मौका
ब्रेकअप या टॉक्सिक रिश्तों के बाद भावनात्मक रूप से ठीक होने के लिए वक्त चाहिए होता है। ‘बॉयसोबर’ पुराने दर्द से उबरने और नई शुरुआत करने की ताकत देता है।
दोस्ती और परिवार पर ध्यान
रिलेशनशिप के चक्कर में हम अपने दोस्तों और परिवार को कम समय दे पाते हैं। ब्रेक के दौरान आप इन रिश्तों पर ध्यान दे सकते हैं। इससे परिवार में भी कनेक्शन मजबूत होता है।
करियर और शौक को वक्त देना
डेटिंग में ढेर सारा समय और एनर्जी लगती है। ऐसे में आपका फोकस करियर या अपने पसंदीदा काम से हट सकता है। ब्रेक लेकर अपने लक्ष्यों और सपनों पर फोकस कर सकते हैं।
क्या यह ट्रेंड सिर्फ महिलाओं तक सीमित है या पुरुष भी इसमें शामिल हो रहे हैं?
‘बॉयसोबर’ शब्द में ‘बॉय’ होने की वजह से ऐसा लग सकता है कि ये सिर्फ महिलाओं के लिए है, जो पुरुषों से ब्रेक लेना चाहती हैं।
हालांकि, ये ट्रेंड जेंडर-न्यूट्रल है। पुरुष भी इसमें शामिल हो सकते हैं। पुरुष भी रिश्तों के दबाव से परेशान हो सकते हैं। उन्हें भी अपनी भावनाओं को समझने के लिए वक्त की जरूरत पड़ सकती है।
‘बॉयसोबर’ का मकसद खुद को प्राथमिकता देना और अपनी मेंटल और इमोशनल हेल्थ को बेहतर करना है।
लोग डेटिंग से ब्रेक क्यों ले रहे हैं? इसके पीछे क्या वजह है?
डेटिंग से ब्रेक लेने की हर किसी की अपनी वजह होती है। आइए कुछ मुख्य कारणों को बुलेट प्वाइंट्स के जरिए समझते हैं।
- डेटिंग ऐप्स से मानिसक थकान: लगातार स्वाइप करना, घोस्टिंग का सामना करना और बेमतलब की चैटिंग से लोग ऊब जाते हैं। साथ ही इससे स्क्रीन टाइम भी बढ़ता है, जो थकान का कारण बनती है।
- टॉक्सिक रिश्तों से बचने की कोशिश: ऐसे रिश्ते जो आपको इमोशनली और मेंटली रूप से कमजोर करते हैं, उनसे दूर रहने के लिए ब्रेक जरूरी है।
- सेल्फ-लव पर फोकस: खुद से प्यार करना और अपनी खुशी को पहले रखना भी ‘बॉयसोबर’ की वजह है।
- करियर पर फोकस: रिश्तों की उलझनों से बचकर अपने काम या पढ़ाई पर ध्यान देना।
- इमोशनल स्टेबिलिटी: रिश्तों के उतार-चढ़ाव से बचकर मानसिक शांति पाना।
‘बॉयसोबर’ के फायदे और नुकसान
हर चीज के दो पहलू होते हैं और ‘बॉयसोबर’ भी इससे अलग नहीं है। आइए इसके फायदे और नुकसान को ग्राफिक के जरिए समझते हैं।

‘बॉयसोबर’ के फायदे
अपनी भावनाओं और जरूरतों को समझना‘बॉयसोबर’ आपको अपनी सोच और भावनाओं को गहराई से जानने का मौका देता है। आप अपनी जिंदगी की प्राथमिकताएं तय कर सकते हैं।
इमोशनली स्टेबल होना
अगर आप किसी ब्रेकअप या टॉक्सिक रिश्ते से गुजरे हैं, तो ‘बॉयसोबर’ समय पुराने दर्द से उबरने में मदद करता है। आप खुद को मजबूत और खुशहाल महसूस करने लगते हैं।
भावनाओं पर नियंत्रण
इस दौरान आप अपनी भावनाओं को काबू में करना सीखते हैं। इससे आप जल्दबाजी में रिश्तों में नहीं पड़ते और सोच-समझकर फैसले ले पाते हैं।
आत्मनिर्भरता का विकास
‘बॉयसोबर’ आपको अकेले रहकर भी खुश रहने की कला सिखाता है। आप खुद पर निर्भर होना सीखते हैं, जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है।
खुद के लिए समय निकालना
यह समय आपको अपनी हॉबी और स्किल्स पर काम करने का मौका देता है। इससे आपकी जिंदगी में अधिक खुशहाल और संतुष्ट महसूस करते हैं।
जिंदगी में स्पष्टता
आप यह समझ पाते हैं कि आपके लिए क्या सबसे जरूरी है। चाहे वह करियर हो, परिवार हो या प्यार। इससे भविष्य के फैसले लेना आसान हो जाता है।
‘बॉयसोबर’ के नुकसान
अकेलेपन का एहसास
कभी-कभी अकेलापन महसूस हो सकता है। खासकर, जब आपके दोस्त रिश्तों में व्यस्त हों। यह उदासी या खालीपन का कारण बन सकता है।
सामाजिक दबाव का सामना
रिश्ते में न होने पर दोस्तों और परिवार के लोग सवाल कर सकते हैं कि आप अब तक सिंगल क्यों हैं? इससे आत्मविश्वास पर असर पड़ सकता है।
अत्यधिक सोच-विचार
अकेले समय बिताने से ओवरथिंकिंग की समस्या हो सकती है। रिश्तों और जिंदगी को लेकर जरूरत से ज्यादा विचार मन में आ सकते हैं, जिससे तनाव बढ़ता है।
प्यार और साथ की कमी
किसी के साथ भावनात्मक जुड़ाव और प्यार की कमी खल सकती है। यह अधूरेपन का एहसास करा सकता है।
दोबारा डेटिंग में परेशानी
लंबे समय तक रिश्तों से दूर रहने के बाद डेटिंग की दुनिया में वापस आना मुश्किल लग सकता है। आपको आत्मविश्वास की कमी या असहजता महसूस हो सकती है।